मछली के लेन देन को लेकर चली गोली, एक घायल



सिकन्दरपुर (बलिया) थाना क्षेत्र के कठौड़ा गांव मे मछली के लेन देन को ले कर हुए विवाद मे एक युवक ने दूसरे 25 वर्षीय एक अन्य युवक को गोली मार कर घायल कर दिया। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।उधर घायल युवक के चाचा की तहरीर पर पुलिस जांच में जुट गई है।इस दौरान सूचना पा कर एडिशनल एस पी संजय कुमार ने क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर पवन कुमार सिंह ,एस एच ओ बालमुकुन्द मिश्र व चौकी प्रभारी अमरजीत यादव के मौके का निरीक्षण कर लोगों से घटना के बारे में जानकारी प्राप्त कर जांच में जुट गए।


जानकारी के अनुसार कठौड़ा  गांव में शुक्रवार को प्रदीप राय उर्फ शेरु पुत्र स्व जनार्दन राय अपने खेत मे जाल लगाकर मछली मार रहा था। इसी बीच गांव के ही अनुज राय अपने दोस्तों देवेश राय पुत्र ह्रदय नारायण राय व लक्की राय के साथ वहां पहुंच कर प्रदीप राय से मछली मांगने लगा। इस पर प्रदीप ने कहा कि अभी मछली नहीं है, शाम को आ कर ले जाना। इसी बात पर दोनों में  विवाद हो गया।


इस दौरान अनुज राय ने किसी हथियार से गोली चला दिया।जिससे गोली लगने से प्रदीप गम्भीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े तथा घायल प्रदीप  को इलाज हेतु तत्काल स्थानीय  सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर  ने गंभीर स्थिति को देखतें हुए उसे सदर  अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।